स्लीमनाबाद पुलिस ने 20 किलो से अधिक गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी। जिले में नशामुक्त समाज के निर्माण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत स्लीमनाबाद थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक तस्कर को 20 किलोग्राम से अधिक अवैध गांजे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 2,10,000 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशों के पालन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में स्लीमनाबाद पुलिस टीम अपराध पतासाजी पर निकली थी।
दौरान-ए-गश्त ग्राम तेवरी स्थित 'राज स्वीट कॉर्न कैफे' के पास बने यात्री प्रतीक्षालय में एक संदिग्ध युवक दो ट्रॉली बैग (एक बड़ा और एक छोटा) लेकर बैठा हुआ था। पुलिस टीम को देखते ही युवक घबराने लगा। संदिग्ध गतिविधि प्रतीत होने पर पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अभिषेक यादव (उम्र 26 वर्ष), निवासी ग्राम घुघरी, थाना स्लीमनाबाद, जिला कटनी बताया।
संदेश के आधार पर जब आरोपी के ट्रॉली बैग्स की तलाशी ली गई, तो बड़े ट्रॉली बैग से खाकी टेप में लिपटे 13 पैकेट मिले। छोटे ट्रॉली बैग से खाकी टेप में लिपटे 07 पैकेट मिले।
पैकेटों को खोलने पर उनमें कुल 20 किलो 548 ग्राम हरा मादक पदार्थ गांजा पाया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत जप्त करते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 497/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

