मैदानी राज्यों में भी असर दिखाने लगी पहाड़ों की बर्फबारी, कोहरे और ठंड ने बढ़ाई मुश्किलें

  • Share on :

नई दिल्ली। पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर भी पड़ने लगा। कई राज्यों में तापमान गिरा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में रात का तापमान गिरने से ठिठुरन बढ़ी है। कश्मीर घाटी और हिमाचल के ऊपरी इलाकों में कई झीलें और ताल जम गए हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ समेत 13 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 27 और 28 नवंबर को मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार में तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट आ सकती है जबकि पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिमी-पूर्वी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और चंडीगढ़ में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान के कुछ इलाकों में शीत लहर चल सकती है।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर और मध्य भारत के 40 से अधिक शहरों और जिलों में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। राजस्थान के 12 (जैसे सीकर, फतेहपुर, चूरू, नागौर, टोंक आदि), मध्य प्रदेश के 6 शहरों, हरियाणा के 15 (महेंद्रगढ़, हिसार, करनाल, सिरसा, पंचकुला, झज्जर आदि), उत्तर प्रदेश के पांच जिलों (हरदोई, कानपुर, इटावा, नजीबाबाद और मुजफ्फरनगर) और पंजाब के फरीदकोट (6.4) में न्यूनतम पारा 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया।  
राजस्थान के सीकर में पारा 4.3 तो मध्य प्रदेश के दमोह में 7.4 के साथ इस सीजन की सबसे सर्द रात रिकॉर्ड की गई। यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ समेत कई राज्यों में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। 
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper