सामाजिक कार्यकर्ताओं को 5 दिन बाद मिली सफलता, शिवसेना की पहल लाई रंग

  • Share on :

बस स्टैंड परिसर में 20 दिनों से रह रहे निराश्रित कुष्ठ रोगी को पहुंचाया आश्रय धाम
संवाददाता : पुनीत सेन
खंडवा। शहर के दादा माखनलाल चतुर्वेदी बस स्टैंड परिसर में पिछले करीब 20 दिनों से रह रहे एक निराश्रित कुष्ठ रोगी को आखिरकार सामाजिक कार्यकर्ताओं के प्रयासों से आश्रय धाम पहुंचाया गया। इस मानवीय पहल के लिए सामाजिक कार्यकर्ताओं की शहर में सराहना हो रही है।

जानकारी के अनुसार, उक्त व्यक्ति खंडवा के पास नानखेड़ा का निवासी है। गांव में उसका कोई परिवार नहीं होने के कारण वह पिछले कई दिनों से बस स्टैंड परिसर में ही अपना जीवन गुजार रहा था। इस मामले की जानकारी कुछ समाजसेवियों ने पत्रकार गोपाल गीते तक पहुंचाई, जिसके बाद उन्होंने खबर प्रकाशित कर प्रशासन और सामाजिक संगठनों का ध्यान इस ओर आकर्षित किया।

खबर को संज्ञान में लेते हुए शिवसेना जिला प्रमुख समाजसेवी गणेश भावसार ने आशा धाम से संपर्क किया। आश्रम की सिस्टर ने बताया कि वाहन में डीजल नहीं होने के कारण मरीज को लेने के लिए गाड़ी नहीं आ पा रही है।

इसके बाद गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे समाजसेवी सुनील जैन, गणेश भावसार एवं मुख्तार मनिहार ने आपसी सहयोग से निजी खर्च पर ऑटो की व्यवस्था की और उक्त व्यक्ति को सुरक्षित आश्रय धाम पहुंचाया।

पांच दिनों की लगातार कोशिशों के बाद मिली इस सफलता ने एक बार फिर साबित किया कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा भावना से किसी जरूरतमंद की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। इस मानवीय कार्य की शहर में सराहना हो रही है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper