जिले के 06 प्रमुख डाकघरों में 25 अप्रैल को लगेंगे विशेष आधार कैंप; टोकन वितरण प्रारंभ
दिलीप पाटीदार
धार। डाक विभाग द्वारा आम नागरिकों की सुविधा के लिए जिले के विभिन्न केंद्रों पर आगामी 25 अप्रैल को विशेष आधार कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। उप सम्भागीय निरीक्षक, डाक विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन कैंपों का मुख्य उद्देश्य आधार नामांकन और अपडेशन की प्रक्रिया को नागरिकों के लिए और अधिक सुगम बनाना है।
समय और स्थान
यह विशेष कैंप जिले के निम्नलिखित डाकघरों में प्रातः 08:00 बजे से सायं 06:00 बजे तक आयोजित किए जाएंगे: प्रधान डाकघर धार, उपडाकघर पीथमपुर सेक्टर-01, उप डाकघर पीथमपुर सेक्टर-03, उप डाकघर सरदारपुर, उप डाकघर राजगढ़ तथा उपडाकघर धामनोद में आयोजित किए जाएंगे।
कैंप में मिलने वाली सुविधाएं
कैंप के दौरान भारत सरकार द्वारा निर्धारित शुल्कों पर आधार कार्ड के नए नामांकन एवं अपडेशन का कार्य किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बच्चों के नए आधार कार्ड बनाने और अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेशन (Mandatory Biometric Update) की सुविधा पूर्णतः नि:शुल्क उपलब्ध रहेगी।
टोकन वितरण एवं अपील
भीड़ प्रबंधन और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा 23 अप्रैल से ही टोकन का वितरण शुरू किया जा रहा है। आधार अपडेशन के इच्छुक नागरिक समय रहते संबंधित डाकघर से अपना टोकन प्राप्त कर सकते हैं, ताकि कैंप के दिन कार्य सुगमता और शीघ्रता से पूर्ण हो सके। डाक विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

