कृषि आदान विक्रेताओं पर सख्ती, 5 के खिलाफ एफआईआर
अमानक बीज-उर्वरक मिलने पर 10 विक्रेताओं के विक्रय पर रोक, 3 लाइसेंस निलंबित और 3 निरस्त
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी। किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक एवं अन्य कृषि आदान उपलब्ध कराने तथा बिना वैध लाइसेंस कारोबार और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिले में कृषि विभाग का सघन जांच अभियान जारी है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर विभिन्न विकासखंडों में कृषि आदान विक्रेता प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान अब तक 5 विक्रेता संस्थानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं 3 विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित, 3 के लाइसेंस निरस्त तथा अमानक कृषि आदान पाए जाने पर 10 विक्रेता संस्थानों के विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है।
बिना लाइसेंस कारोबार पर कार्रवाई
जांच के दौरान बड़वारा विकासखंड के ग्राम परसेल में विपिन कुमार असाठी के यहां उर्वरक का अवैध भंडारण पाए जाने पर एफआईआर दर्ज कराई गई। रीठी के ग्राम मुड़ास स्थित पाण्डेय कृषि केन्द्र द्वारा बिना वैध लाइसेंस बीज का व्यापार किए जाने पर मामला दर्ज किया गया। बहोरीबंद के ग्राम कौड़िया स्थित अग्रहरी कृषि केन्द्र के विरुद्ध अमानक बीज एवं बिना लाइसेंस कारोबार करने पर एफआईआर की कार्रवाई हुई। इसी प्रकार कटनी विकासखंड के ग्राम पहरूआ स्थित चौहान बीज भंडार द्वारा बिना वैध लाइसेंस बीज एवं कीटनाशक का व्यापार किए जाने पर एफआईआर दर्ज की गई।
अमानक बीज मिलने पर लाइसेंस निरस्त
बड़वारा क्षेत्र के बरही स्थित अंकिता बीज भंडार, मंजा बीज भंडार तथा विजयराघवगढ़ क्षेत्र के कारीतलाई स्थित विश्वकर्मा कृषि केन्द्र के विक्रय लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। इसके अलावा बिना लाइसेंस एवं अमानक बीज विक्रय पर बहोरीबंद के कौड़िया स्थित अग्रहरी कृषि केन्द्र, ढीमरखेड़ा के साहू ट्रेडर्स, रीठी के कार्यालय वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी तथा अमानक उर्वरक पाए जाने पर सिलोड़ी के हल्दकार कृषि केन्द्र, मध्यप्रदेश राज्य विपणन संघ कटनी और बड़वारा विकासखंड की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बरसाड़ी पर विक्रय प्रतिबंध लगाया गया है।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि बीज, उर्वरक अथवा अन्य कृषि आदानों की गुणवत्ता में कमी, बिना वैध लाइसेंस व्यापार, अवैध भंडारण या अन्य अनियमितता मिलने पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

