नशा मुक्ति का संदेश देकर छाए नंदीश्वर विद्यालय के छात्र
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चार विधाओं में जीते पुरस्कार, नुक्कड़ नाटक में प्रथम स्थान
अतुल जैन
खनियांधाना। सामाजिक सरोकारों से जुड़े जिला स्तरीय 'नशा मुक्त भारत' कार्यक्रम में श्री नंदीश्वर विद्यालय, चेतनबाग, खनियांधाना के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। मेरा युवा भारत (MY Bharat) संस्था द्वारा शिवपुरी में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय की टीम ने चार अलग-अलग प्रतियोगिताओं में पुरस्कार हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर निर्णायकों का दिल जीत लिया और प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सामूहिक गीत एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में द्वितीय तथा रील मेकिंग प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति में सामाजिक जागरूकता, रचनात्मकता और आत्मविश्वास की झलक साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और निर्णायकों ने विद्यार्थियों के अनुशासन, मंच संचालन और नशा मुक्ति के प्रभावी संदेश की सराहना की। विद्यालय की टीम ने अपने प्रदर्शन से यह संदेश दिया कि युवा पीढ़ी समाज को नशे के खिलाफ जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी एवं विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस सफलता पर अभिभावकों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व क्षमता का भी विकास कर रहा है। उन्होंने भविष्य में भी विद्यालय से ऐसी ही उत्कृष्ट उपलब्धियों की अपेक्षा जताई।

