बचपन इंटरनेशनल स्कूल में प्रवेश उत्सव पर हुआ सुंदरकांड
दिव्यानंद अर्गल
मालनपुर। मालनपुर क्षेत्र स्थित बचपन इंटरनेशनल स्कूल में मंगलवार को नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ अवसर पर भव्य प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के करीब चार हजार लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं सुंदरकांड पाठ के साथ हुआ। भजन-कीर्तन की मधुर प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। बड़ी संख्या में अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया।
प्रवेश उत्सव को विशेष और आकर्षक बनाने के लिए विद्यालय प्रबंधन द्वारा बच्चों के मनोरंजन की भी व्यवस्था की गई। भालू और पांडा की वेशभूषा में पहुंचे कलाकार बच्चों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। उनकी मनोरंजक गतिविधियों ने बच्चों का भरपूर मनोरंजन किया। जहां बड़े बच्चे उत्साह के साथ उनके साथ समय बिताते नजर आए, वहीं कुछ छोटे बच्चे उन्हें देखकर आश्चर्यचकित और थोड़ा भयभीत भी हुए।
विद्यालय के संस्थापक दिनेश सिंह परिहार ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद, संस्कार और मनोरंजन का समन्वय आवश्यक है। प्रवेश उत्सव का उद्देश्य नए सत्र की शुरुआत को बच्चों के लिए उत्साह, सकारात्मक ऊर्जा और आनंद से भरना है। कार्यक्रम में बचपन इंटरनेशनल स्कूल एवं शिवाजी पब्लिक स्कूल के प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा अभिभावकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। उपस्थित लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे बच्चों के लिए प्रेरणादायी और संस्कारवान वातावरण प्रदान करने वाला कार्यक्रम बताया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में अनुशासन, सामाजिक जुड़ाव और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है।

