करेरा में दो दर्जन से अधिक उचित मूल्य दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण
करेरा। जिला कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देश पर बुधवार को अनुभाग करेरा में शासकीय उचित मूल्य की दुकानों के विरुद्ध चलाए जा रहे आकस्मिक निरीक्षण अभियान के तहत दो दर्जन से अधिक दुकानों का निरीक्षण किया गया। एसडीएम सहित सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों ने अपने-अपने क्षेत्रों में उचित मूल्य की दुकानों का जायजा लिया।
एसडीएम श्री अनुपम शर्मा ने शासकीय उचित मूल्य की दुकान ग्राम सिलारपुर, मार्केटिंग सोसायटी करेरा, ग्राम बघेदरी, टोड़ा, करेरा, मुंगावली एवं करोठा सहित विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों पर शासन द्वारा निर्धारित पीला बोर्ड नहीं लगाए जाने तथा कुछ स्थानों पर स्टॉक कम पाए जाने की स्थिति सामने आई।
एसडीएम श्री शर्मा ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य निरीक्षक श्री नरेश मांझी को संबंधित उचित मूल्य दुकान संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानों में उपलब्ध खाद्यान्न के स्टॉक एवं वितरण व्यवस्था की भी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने उचित मूल्य की दुकानों पर उपस्थित उपभोक्ताओं से सीधे चर्चा कर उनसे राशन सामग्री मिलने, वितरण व्यवस्था तथा किसी प्रकार की परेशानी होने के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिलेभर में उचित मूल्य की दुकानों की व्यवस्थाओं एवं राशन वितरण प्रणाली की निगरानी के लिए चलाए जा रहे इस अभियान के तहत करेरा क्षेत्र में भी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों द्वारा विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से उचित मूल्य दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव

