प्रतिभा सम्मान समारोह – वर्ष 7 में संघर्षशील विद्यार्थियों का हुआ भव्य सम्मान, शिक्षा के प्रति समर्पण को मिला मंच
राजेश धाकड़
इंदौर। स्प्रेडिंग स्माइल्स संस्था द्वारा आयोजित "प्रतिभा सम्मान समारोह – वर्ष 7" का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर आर्थिक रूप से कमजोर, श्रमिक एवं मध्यमवर्गीय परिवारों से आने वाले उन मेधावी एवं संघर्षशील विद्यार्थियों का सम्मान किया गया, जिन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में 40 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त कर सफलता अर्जित की।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय उपस्थित रहे। उनके साथ इंदौर लोकसभा सांसद शंकर लालवानी, इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे, भाजपा नगर मंत्री स्वाति काशीद, भाजपा नगर मंत्री नेहा शर्मा, विधानसभा-5 के विधायक महेंद्र हार्डिया, एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया, पूर्व आईपीएस अधिकारी धर्मेंद्र चौधरी, वरिष्ठ समाजसेवी गणेश चौधरी, पूर्व अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष सम पावरी, समाजसेवी राहुल जैन, समाजसेवी अमित चावला, भाजपा नेता मनोज परमार सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सम्मान-पत्र प्रदान कर उनके परिश्रम और उपलब्धियों का सम्मान किया गया। साथ ही शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से लैपटॉप, साइकिल एवं अन्य उपयोगी उपहार लॉटरी प्रणाली के माध्यम से वितरित किए गए। उपहार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर झलकती खुशी और उत्साह ने पूरे समारोह को यादगार बना दिया।
संस्था के संरक्षक अशोक अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि, "हम मानते हैं कि हर बच्चे की मेहनत सम्मान की हकदार है। समाज में ऐसे हजारों बच्चे हैं जो अभावों के बीच रहकर शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। प्रतिभा सम्मान का उद्देश्य केवल अंकों का सम्मान करना नहीं, बल्कि संघर्ष, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण को पहचान देना है। जब किसी विद्यार्थी को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया जाता है तो उसका आत्मविश्वास कई गुना बढ़ जाता है।"
संस्था के अध्यक्ष राहुल लोदवाल ने कहा कि, "श्रमिक बस्तियों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के सपनों को उड़ान देना ही स्प्रेडिंग स्माइल्स का मूल उद्देश्य है। कई माता-पिता दिनभर कठिन मेहनत कर अपने बच्चों को शिक्षित करते हैं। यह सम्मान केवल विद्यार्थियों का नहीं, बल्कि उनके माता-पिता के त्याग, संघर्ष और उम्मीदों का भी सम्मान है। हमें विश्वास है कि आज सम्मानित हुए विद्यार्थी भविष्य में समाज और देश का नाम रोशन करेंगे।"
उन्होंने बताया कि संस्था पिछले सात वर्षों से शिक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं प्रतिभा प्रोत्साहन के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। संस्था अब तक हजारों विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का कार्य कर चुकी है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक, समाजसेवी, पत्रकार साथी एवं नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि सफलता केवल बड़े अंकों से नहीं मापी जाती, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में भी हार न मानकर आगे बढ़ने का साहस, संघर्ष और शिक्षा के प्रति समर्पण ही वास्तविक प्रतिभा की पहचान है।
प्रतिभा सम्मान समारोह – वर्ष 7 न केवल विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना, बल्कि समाज को भी यह संदेश देने में सफल रहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो जीवन में सकारात्मक परिवर्तन और उज्ज्वल भविष्य की राह प्रशस्त करती है।

