एसएसपीएसएसआई अकादमी की सर्टिफिकेट सेरेमनी में प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, मेकअप आर्टिस्ट्स ने बिखेरा हुनर का जलवा
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। सौंदर्य शिक्षण प्रशिक्षण सोशल संस्था द्वारा संचालित एसएसपीएसएसआई अकादमी की ओर से मामा बॉक रिसोर्ट में भव्य सर्टिफिकेट सेरेमनी एवं टैलेंट शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 50 से अधिक दुल्हनों एवं 50 से अधिक मेकअप आर्टिस्ट्स ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। समारोह में शहर के गणमान्य नागरिक, ब्यूटी इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञ, प्रशिक्षु छात्राएं एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य ब्यूटी एवं मेकअप क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना तथा उनके हुनर को एक बेहतर मंच प्रदान करना था। समारोह के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रकार के ब्राइडल, पार्टी और क्रिएटिव मेकअप लुक प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित अतिथियों ने खूब सराहा। मेकअप आर्टिस्ट्स द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य ने यह साबित किया कि प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं में रोजगार और स्वरोजगार की असीम संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं।
समारोह का मुख्य आकर्षण कैटवॉक प्रतियोगिता रही, जिसमें प्रतिभागियों ने आकर्षक परिधानों और शानदार मेकअप के साथ मंच पर आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति दी। प्रोफेशनल मॉडल्स और प्रशिक्षु मेकअप आर्टिस्ट्स ने अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का मूल्यांकन उनकी प्रस्तुति, व्यक्तित्व, ड्रेस कोड, आत्मविश्वास और निर्धारित नियमों के पालन के आधार पर किया गया।
निर्णायकों द्वारा किए गए मूल्यांकन के बाद कोकिल को प्रथम स्थान रिया,को द्वितीय स्थान तथा उमा को तृतीय स्थान कोकिला को प्रदान किया गया। विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट प्रदान किए गए।
इस अवसर पर अकादमी की प्रिंसिपल एवं मध्य प्रदेश ब्यूटी एसोसिएशन की प्रेसिडेंट श्रीमती सुनीता विनोद जायसवाल ने कहा कि ब्यूटी इंडस्ट्री आज रोजगार का एक बड़ा माध्यम बन चुकी है। संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि एसएसपीएसएसआई अकादमी, होटल सायाजी के सामने, विजयनगर इंदौर में स्थित है तथा यह शासन द्वारा पंजीकृत संस्थान है। यहां बेसिक से लेकर एडवांस स्तर तक के प्रोफेशनल ब्यूटी, हेयर, स्किन एवं मेकअप कोर्स संचालित किए जाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। उत्साह, उमंग और रचनात्मकता से भरपूर यह समारोह प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ-साथ ब्यूटी एवं मेकअप क्षेत्र में नए अवसरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी सफल रहा। आयोजन ने यह संदेश दिया कि सही प्रशिक्षण, समर्पण और मेहनत के बल पर युवा अपने सपनों को नई उड़ान दे सकते हैं।

