निःशुल्क कैरियर मार्गदर्शन एवं गौतम गौरव सम्मान समारोह में प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
राजेश धाकड़
इंदौर। श्री महर्षि गौतम शैक्षणिक एवं पारमार्थिक न्यास द्वारा आयोजित निःशुल्क कैरियर मार्गदर्शन एवं गौतम गौरव सम्मान समारोह का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं कैरियर निर्माण को लेकर विशेषज्ञों द्वारा महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ख्यात शिक्षाविद् एवं मैनेजमेंट एक्सपर्ट डॉ. पी. एन. मिश्रा रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन और निरंतर मेहनत सबसे महत्वपूर्ण है। सही समय पर सही मार्गदर्शन मिलने से विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में श्री संजीव वैद्य, वरिष्ठ सिविल सेवा मार्गदर्शक, जिन्होंने विगत 27 वर्षों से UPSC एवं MPPSC परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया है, ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, रणनीति एवं साक्षात्कार की तैयारी को लेकर विद्यार्थियों को उपयोगी जानकारी दी।
वहीं डॉ. रितेश जोशी, प्रोफेसर, डिपार्टमेंट ऑफ कंप्यूटर साइंस, मेडिकैप्स यूनिवर्सिटी इंदौर ने आधुनिक शिक्षा, तकनीकी क्षेत्र एवं भविष्य के अवसरों पर अपने विचार रखे।
श्री प्रदीप उपाध्याय, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट फाइनेंस, अग्रवाल ग्रुप ऑफ कंपनीज इंदौर ने विद्यार्थियों को करियर के साथ-साथ कौशल विकास पर ध्यान देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में इंदौर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अरविंद तिवारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को गौतम गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह दिखाई दिया।
आयोजकों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को निःशुल्क कैरियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर उन्हें सही दिशा प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

