तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास में सेंध: निजी सहायक पर ₹20 लाख और कीमती सामान चोरी की FIR
पटना. तेज प्रताप यादव ने अपने करीबी और निजी सहायक (पीए) मोतीलाल राय के खिलाफ पटना के सचिवालय थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके सरकारी आवास से करीब 20 लाख रुपये नकद समेत कई कीमती सामान चोरी हो गए हैं. तेज प्रताप यादव के अनुसार यह घटना 22 जून को सामने आई, जब उन्होंने अपने कमरे की अलमारी की जांच की.
शिकायत में कहा गया है कि अलमारी से लगभग 20 लाख रुपये नकद, दो तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चार नए ड्रोन, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक, एक लेनोवो लैपटॉप और चार आईफोन 17 प्रो मैक्स मोबाइल फोन गायब मिले. तेज प्रताप यादव का दावा है कि चोरी हुए 20 लाख रुपये पार्टी फंड के थे.
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
साभार आज तक

