खाड़ी में गहराया तनाव: ईरान का 10 जहाजों पर हमले का दावा, 2 अमेरिकी पोत और 8 तेल टैंकर निशाने पर

  • Share on :

नई दिल्ली.  ईरान और अमेरिका के बीच खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है. ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी IRGC ने दावा किया है कि उसने एक ही दिन में 10 जहाजों पर हमला किया है. इनमें दो अमेरिकी जहाज और आठ तेल टैंकर शामिल हैं. यह कार्रवाई अमेरिका की तरफ से पांच ईरानी तेल टैंकरों पर किए गए हमले के जवाब में की गई.
IRGC ने कहा कि उसके बलों ने उन 10 जहाजों को निशाना बनाया, जो होर्मुज स्ट्रेट के एक "प्रतिबंधित और असुरक्षित" इलाके को पार करने की कोशिश कर रहे थे. हालांकि, ईरान के इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
ईरान ने खाड़ी के दूसरे देशों में मौजूद तेल टैंकरों को भी चेतावनी दी है. IRGC की नौसेना ने कुवैत, जॉर्डन और बहरीन के बंदरगाहों में मौजूद सभी टैंकर क्रू को तुरंत जहाज खाली करने को कहा है. ईरानी सरकारी टीवी पर पढ़े गए बयान में कहा गया कि जिन बंदरगाहों या एंकर पर अमेरिकी मौजूदगी है और जो अमेरिकी कार्रवाई में सहयोग कर रहे हैं, वहां मौजूद टैंकरों को निशाना बनाया जाएगा.
इससे पहले अमेरिकी सेंट्रल कमांड यानी CENTCOM ने पांच ईरानी क्रूड ऑयल कैरियर्स को नष्ट करने की जानकारी दी थी. अमेरिका के मुताबिक, IRGC ने पिछले दो दिनों में एक अमेरिकी नौसैनिक युद्धपोत को दो बार बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाने की कोशिश की थी. अमेरिकी युद्धपोत दोनों हमलों से बच गया और क्षेत्रीय जल में गश्त करता रहा. अमेरिका ने कहा कि किसी अमेरिकी सैनिक को नुकसान नहीं हुआ.
CENTCOM के मुताबिक, M/T Kaviz, M/T Charminar, M/T Horizon 1 और M/T Riesco को ओमान की खाड़ी में, जबकि M/T Derya को खार्ग द्वीप के पास निशाना बनाया गया. अमेरिकी सेना ने हमले से पहले जहाजों के क्रू को उन्हें छोड़ने का निर्देश दिया था.
साभार आज तक
0000

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper