2020-21 का टेंडर, राशि आहरित फिर भी नहीं हुआ काम? खारकलां की जर्जर पानी की टंकी बनी हादसे का खतरा
सवादता:- पुनीत सेन
खंडवा/खारकलां। ग्राम खारकलां के वार्ड क्रमांक 07 में वर्षों पुरानी पानी की टंकी आज जर्जर और टूटे-फूटे हाल में खड़ी है। ग्रामीणों के अनुसार इस कार्य का टेंडर वर्ष 2020-21 में हुआ था लेकिन मौके पर काम आज तक पूरा नहीं हो सका। वर्तमान में टंकी का ढांचा बेहद खराब स्थिति में है, जिससे कभी भी हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
वार्ड 07 के रहवासियों का कहना है कि इस मामले को लेकर सचिव से शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई। ऐसे में सवाल उठता है कि जब आखिर वर्षों से जर्जर पड़ी इस पानी की टंकी की जिम्मेदारी किसकी है?
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते टंकी की जांच और आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में किसी बड़े हादसे की जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या संबंधित विभाग इस मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करेगा या फिर सरकारी कामों में लापरवाही और भ्रष्टाचार का यह सिलसिला यूं ही चलता रहेगा?
अब देखना यह है कि प्रशासन वार्ड 07 की इस जर्जर पानी की टंकी को लेकर कब जागता है और कब जिम्मेदारों पर कार्रवाई होती है।

