बलाई सकल पंच राधा कृष्ण मंदिर से निकला डोल ग्यारस का 53वां भव्य डोल
बाबा महाकाल के भस्म स्वरूप और श्री सांवरिया सेठ की मनमोहक झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। डोल ग्यारस के पावन अवसर पर श्री बलाई सकल पंच राधा कृष्ण मंदिर द्वारा 53वां भव्य डोल बड़े ही हर्षोल्लास और धार्मिक आस्था के साथ निकाला गया। डोल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे यात्रा मार्ग पर भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
डोल में विशेष आकर्षण के रूप में बाबा महाकाल का भस्म स्वरूप देखने को मिला। वहीं श्री सांवरिया सेठ की सुंदर एवं मनमोहक झांकी ने भी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। डोल के साथ चल रहे विभिन्न अखाड़ों के कलाकारों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कई बालिकाओं ने भी अपने हुनर का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं।
डोल यात्रा का जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्वागत किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। यात्रा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा स्वागत मंच लगाए गए, जहां डोल यात्रा में शामिल लोगों और आयोजकों का सम्मान भी किया गया।
आयोजकों ने बताया कि डोल निकालने की यह धार्मिक परंपरा उनके पूर्वजों के समय से चली आ रही है और आज भी समाज इसे पूरी श्रद्धा के साथ आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आने वाली पीढ़ियां भी इस परंपरा को इसी आस्था और उत्साह के साथ आगे बढ़ाएंगी तथा समय के साथ नए और आकर्षक स्वरूपों को शामिल करते हुए डोल को और भी भव्य रूप से निकालेंगी।
आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और पारंपरिक संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला। 53वें डोल ने पूर्वजों से मिली परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश भी दिया।

