काम दिलाने का झांसा देकर महिला के चांदी के गहने हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। चंदन नगर पुलिस ने मजदूरी दिलाने का झांसा देकर महिला के चांदी के आभूषण हड़पने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 500 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 12 जून 2026 को एक महिला खजराना चौराहे पर मजदूरी के लिए खड़ी थी। इसीh दौरान एक युवक ने उसे चंदन नगर क्षेत्र के आगे स्थित जैन मंदिर में खाना बनाने का काम दिलाने का लालच दिया और प्रतिदिन 600 रुपये मजदूरी मिलने की बात कही। महिला उसकी बातों में आ गई और आरोपी के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर चली गई।
आरोपी महिला को ग्राम सिंहासा ले गया, जहां उसने मंदिर में गहने पहनकर काम करने की अनुमति नहीं होने की बात कहकर महिला से चांदी के आभूषण उतरवा लिए। इसके बाद मंदिर में बात करने का बहाना बनाकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
महिला की शिकायत पर थाना चंदन नगर में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस उपायुक्त जोन-4 सुनील मेहता के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दीशेष अग्रवाल एवं सहायक पुलिस आयुक्त शिवेन्दु जोशी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने महिला द्वारा बताए गए मार्ग पर लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी एवं उसकी मोटरसाइकिल की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से लगभग 500 ग्राम चांदी के कड़े बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेंद्र राठौर (32) निवासी राऊ, इंदौर के रूप में हुई है। पुलिस उससे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तिलक कारोला, प्रधान आरक्षक बलराम एवं आरक्षक अरुण जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

