भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा नगर अध्यक्ष पद को लेकर हलचल तेज, कई दावेदारों के नाम चर्चा में

  • Share on :

पुराने कार्यकर्ताओं की दावेदारी मजबूत, कांग्रेस से हाल ही में भाजपा में आए भूपेंद्र चौहान का नाम भी चर्चाओं में
पत्रकार :-  खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा इंदौर नगर अध्यक्ष पद की घोषणा से पहले संगठन में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अध्यक्ष पद को लेकर संगठन स्तर पर लगातार मंथन का दौर जारी है। कार्यकर्ताओं के बीच कई नामों को लेकर चर्चाएं हो रही हैं और हर दावेदार अपने-अपने संगठनात्मक अनुभव एवं सक्रियता के आधार पर दावा मजबूत करने में जुटा है।
सूत्रों के अनुसार अध्यक्ष पद की दौड़ में राजा चौहान, नितेश खांडेकर , सोनू अहिरवार, दीपक वर्मा सहित कुछ दिनों पूर्व कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए भूपेंद्र चौहान का नाम भी प्रमुखता से चर्चा में है। भूपेंद्र चौहान के नाम की चर्चा शुरू होते ही संगठन के भीतर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।
पार्टी के पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं का कहना है कि वर्षों से भाजपा की विचारधारा के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उनका तर्क है कि जिन्होंने लंबे समय तक संगठन को मजबूत करने में योगदान दिया है, उन्हें जिम्मेदारी देने से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा।
वहीं दूसरी ओर कुछ कार्यकर्ताओं का मानना है कि यदि कोई नया नेता भाजपा की विचारधारा से जुड़कर सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण दिखा रहा है, तो उसे भी अवसर मिलना चाहिए। ऐसे में भूपेंद्र चौहान की संभावित दावेदारी को लेकर संगठन के भीतर चर्चा और बहस का माहौल बना हुआ है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या हाल ही में कांग्रेस से भाजपा में आए भूपेंद्र चौहान को इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, या फिर संगठन वर्षों से पार्टी के लिए कार्य कर रहे किसी पुराने और समर्पित कार्यकर्ता पर भरोसा जताएगा? इस सवाल का जवाब संगठन के शीर्ष नेतृत्व के अंतिम निर्णय के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल अध्यक्ष पद की घोषणा को लेकर कार्यकर्ताओं की निगाहें प्रदेश और नगर संगठन पर टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही शीर्ष नेतृत्व की सहमति के बाद नए नगर अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper