7 अगस्त से शुरू हो रहे मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को लेकर कलेक्टर ने अधिकारियों को दिये जरूरी दिशा-निर्देश
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी । कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत आवेदनों का समय पर निराकरण नहीं करने वाले अधिकारियों पर आर्थिक दंड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समय-सीमा के भीतर आवेदनों का निराकरण करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और समय बाह्य एक भी आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए। बैठक में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर बाकल के नायब तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार तथा अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत समय-सीमा से बाहर कुल 34 आवेदन लंबित पाए गए। इनमें सीमांकन के 27 आवेदन शामिल हैं। इसी प्रकार नामांतरण के 6 प्रकरण लंबित पाए गए। इसके अतिरिक्त योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग अंतर्गत जन्म के एक वर्ष पश्चात पंजीयन से संबंधित 1 प्रकरण लंबित पाया गया, जिस पर कलेक्टर ने सभी अधिकारियों के विरुद्ध आर्थिक दंड लगाने के निर्देश दिये हैं।

