कलेक्टर ने जघन्य एवं सनसनीखेज प्रकरणों की समीक्षा कर दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

  • Share on :

रिपोर्टर :- सलीम हुसैन 
झाबुआ। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में जिले में दर्ज जघन्य एवं सनसनीखेज प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंभीर अपराधों की विवेचना, अभियोजन की प्रगति तथा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों से संबंधित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जघन्य एवं सनसनीखेज अपराधों की विवेचना निर्धारित समय-सीमा में तत्परतापूर्वक पूर्ण की जाए तथा प्रकरणों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने जिले की शासकीय भूमि पर बिल्डरों, भू-माफियाओं एवं अन्य व्यक्तियों अथवा संस्थाओं द्वारा किए गए अवैध कब्जों से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की।
बैठक में न्यायालयों द्वारा पारित प्रतिकूल निर्णयों के कारणों का परीक्षण करते हुए विवेचना एवं अभियोजन अधिकारियों द्वारा दायित्व निर्वहन में हुई त्रुटियों एवं लापरवाही पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन मामलों में संबंधित व्यक्तियों के साक्ष्य दर्ज किया जाना शेष है, उनमें प्राथमिकता के आधार पर साक्ष्य संकलित कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार, वनमंडलाधिकारी भरत सोलंकी, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ महेश मंडलोई, जेल अधीक्षक  सुजीत खरे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper