प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था सुधारने मैदान में उतरे आयुक्त
आदित्य शर्मा
इंदौर। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या के समाधान हेतु आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने आज शहर के प्रमुख चौराहों एवं लेफ्ट टर्न का निरीक्षण किया। इस दौरान अपर आयुक्त श्री अभय राजनगांवकर, कार्यपालन यंत्री श्री पी.एस. कुशवाह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
आयुक्त ने रसोमा चौराहा, चंद्रगुप्त चौराहा, हाई कोर्ट चौराहा, लैंटर्न चौराहा, मृगनयनी चौराहा, कृषि कॉलेज चौराहा एवं महिंद्रा शोरूम चौराहा सहित अन्य प्रमुख स्थानों का निरीक्षण कर यातायात की स्थिति, लेफ्ट टर्न संचालन एवं जाम के कारणों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां लेफ्ट टर्न अवरुद्ध हैं या अतिक्रमण, अवैध निर्माण, विद्युत पोल अथवा अन्य बाधाओं के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है, वहां तत्काल कार्रवाई कर अवरोध हटाए जाएं।
आयुक्त ने कहा कि लेफ्ट टर्न सुचारु होने से ट्रैफिक दबाव कम होगा और नागरिकों को जाम से राहत मिलेगी। साथ ही चौराहों पर रोड मार्किंग, संकेतक बोर्ड, डिवाइडर व्यवस्था एवं ट्रैफिक मूवमेंट के अनुरूप आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता से करने के निर्देश भी दिए।

