स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों का आयुक्त ने लिया जायजा
आदित्य शर्मा
इंदौर। आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था एवं सर्वेक्षण गाइडलाइन अनुसार किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान अपर आयुक्त श्री प्रखर सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान चोइथराम सब्जी मंडी, फ्रूट मंडी, कबीटखेड़ी, राजकुमार ब्रिज, मधुमिलन चौराहा, रीगल चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर सफाई व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं एवं स्वच्छता मानकों का जायजा लिया गया। आयुक्त ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाएं समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने शहर में संचालित सीटीपीटी, 3 आर सेंटर, एमआरएफ प्लांट, बीडब्ल्यूजी यूनिट, निजी स्कूलों में दिव्यांगजन शौचालय, आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्रों की स्वच्छता तथा फ्लाईओवर के आसपास हरियाली और रंगाई-पुताई की स्थिति का भी निरीक्षण किया।
कबीटखेड़ी एवं राजकुमार ब्रिज स्थित 3 आर सेंटर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था में और सुधार करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी 3 आर सेंटर एवं एमआरएफ प्लांट पर बेहतर स्वच्छता और सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने तथा अनुपयोगी सामग्री के निष्पादन की कार्रवाई लगातार जारी रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

