जनसुनवाई में 144 आवेदकों की सुनी फरियाद, कलेक्टर श्री तिवारी ने दिए समाधान के निर्देश
कलेक्टर ने कहा—हर आवेदन का हो तथ्यपरक परीक्षण, पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले योजना लाभ
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी ।प्रशासन और आम नागरिक के बीच सीधा संवाद, समस्या के समाधान की पहली सीढ़ी है। इसी उद्देश्य के साथ मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे 144 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक आवेदक की बात को गंभीरता, संवेदनशीलता और पूरे धैर्य से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का तथ्यात्मक परीक्षण कर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में कोई नागरिक मुआवजे की मांग लेकर पहुंचा तो किसी ने आवास, सड़क, भूमि संबंधी समस्या रखी। किसी आवेदक ने पेंशन और आर्थिक सहायता की मांग की, तो किसी ने शासन की योजनाओं की राशि नहीं मिलने की शिकायत कलेक्टर के समक्ष रखी। कलेक्टर श्री तिवारी ने सभी आवेदकों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और संबंधित अधिकारियों से प्रकरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
समस्या लेकर आए नागरिक को समाधान लेकर लौटना चाहिए’
कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन केवल दर्ज कर लेने तक सीमित न रहें, बल्कि प्रत्येक प्रकरण के न्यायसंगत और स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रशासन की जिम्मेदारी है कि नागरिक की समस्या को गंभीरता से लेकर उसे समय पर राहत उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभागवार लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें तथा जनसुनवाई के आवेदनों के निराकरण की भी लगातार मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को किसी तकनीकी अथवा प्रक्रियागत कारण से अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
मुआवजा, आवास से लेकर सड़क और आर्थिक सहायता तक आए आवेदन
जनसुनवाई में ग्राम खरखरी निवासी रामकिशोर पटेल ने नलकूप की मुआवजा राशि दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम उरदानी निवासी सेवानिवृत्त कोटवार नत्थू लाल दहायत ने सहायता राशि, ग्राम जरवाही निवासी शकुन बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम जोड़ने तथा बरही निवासी दुलारे बर्मन ने भूमि नामांतरण के लिए आवेदन दिया।
ग्राम सिमरिया निवासी सरस्वती बाई ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि प्राप्त नहीं होने की समस्या बताई। ग्राम छितवारा के ग्रामीणों ने बिछुआ से छितवारा तक सड़क निर्माण की मांग रखी। ग्राम टिकरवारा निवासी रानी सिंह ने लाड़ली बहना योजना की राशि नहीं मिलने, ग्राम धवैया निवासी दशरथ चौधरी ने आबादी भूमि से कब्जा हटाने तथा ग्राम पंचायत तिगवा निवासी रामसेन लोधी ने दिव्यांगता आर्थिक सहायता का लाभ दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।
इनके अलावा भी बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याएं कलेक्टर के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
पात्र हितग्राही को लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता’
कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतों का निराकरण करना नहीं, बल्कि नागरिकों को वास्तविक राहत उपलब्ध कराना है। प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करे कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिले और जरूरतमंद नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान हो।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई नागरिकों की समस्याओं को समझने, उनकी वास्तविक स्थिति जानने और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी जनसुनवाई के प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम कटनी श्री प्रमोद चतुर्वेदी, संयुक्त कलेक्टर श्री जितेन्द्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

