प्रधानमंत्री आवास योजना से साकार होगा पक्के मकान का सपना
नगर पंचायत छुरा में हितग्राहियों को मिले स्वीकृति पत्र, पात्र परिवारों से आवेदन करने की अपील
नगर पंचायत छुरा कार्यालय में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इस पहल से जरूरतमंद परिवारों को अपना पक्का मकान बनाने की दिशा में नई उम्मीद मिली है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लुकेश्वरी थानसिंग निषाद ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब परिवारों को पक्के मकान का सपना पूरा करने का अवसर मिल रहा है। वहीं, क्षेत्रीय विधायक श्री रोहित साहू के मार्गदर्शन एवं सहयोग से क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
अध्यक्ष ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिन पात्र परिवारों ने अभी तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन जमा नहीं किया है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ नगर पंचायत कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत करें। पात्रता एवं शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार आवेदन की जांच के बाद नियमानुसार योजना का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि शासन की योजनाओं की जानकारी प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक पहुंचे और कोई भी पात्र हितग्राही जानकारी के अभाव में योजना के लाभ से वंचित न रहे। “हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे” के संकल्प के साथ नगर पंचायत छुरा को विकसित, स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे। आवास स्वीकृति पत्र मिलने से हितग्राहियों में खुशी का माहौल रहा।

