राम मंदिर से गायब नहीं हुई स्वर्ण जड़ित रामचरितमानस, जन्मभूमि ट्रस्ट ने पूर्व IAS के आरोपों को किया खारिज
अयोध्या। राम मंदिर से सोने की रामचरित मानस गायब होने के आरोपों को जन्मभूमि ट्रस्ट ने खारिज करते हुए दावा किया कि वह सुरक्षित है। रविवार को ट्रस्ट की तरफ से उसकी फोटो भी जारी की गई। करीब पांच करोड़ की कीमत वाली सोने की रामचरित मानस पूर्व आईएएस और केंद्र सरकार में गृह सचिव रहे एस. लक्ष्मी नारायण ने दान की थी। शनिवार को आईएएस अधिकारी ने मंदिर से रामचरित मानस के गायब होने का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस बारे में चंपत राय से पूछा भी गया तो सही जवाब नहीं मिला था।
पूर्व आईएएस के पांच करोड़ की स्वर्ण जड़ित रामचरित मानस गायब होने के आरोपों पर रविवार को ट्रस्ट की तरफ से बताया गया कि यह सुरक्षित रखी है। कथित तौर पर राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से कहा गया कि स्वर्ण की श्री रामचरितमानस कुछ दिन तक गर्भ गृह के पास रखी थी। इसके बाद उसे मंदिर परिसर में ही बने कोठार में सुरक्षित रख दिया गया है। पूर्व आईएएस जब भी चाहें यहां आकर उसे देख सकते हैं।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

