मध्य देशीय अग्रवाल समाज शिवपुरी का भव्य अन्नकूट महोत्सव संपन्न, 500 से अधिक लोगों ने ग्रहण की प्रसादी
सुंदरकांड पाठ, सामूहिक दीपदान एवं कार्यकारिणी बैठक का हुआ आयोजन, समाजसेवा के नए प्रकल्पों पर भी हुई चर्चा
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
मध्य देशीय अग्रवाल समाज की ओर से नवगठित कार्यकारिणी के दीपावली मिलन समारोह के उपलक्ष्य में भव्य अन्नकूट प्रसादी सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के बड़ी संख्या में कार्यकारिणी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन के दौरान 500 से अधिक लोगों ने अन्नकूट की प्रसादी ग्रहण की।
समाज की महामंत्री अंजली गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 2 बजे श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ सुंदरकांड पाठ से हुआ। इसके पश्चात समाज की कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें लगभग 300 सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में समाज के विकास, संगठन की मजबूती तथा आगामी सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के उपरांत महिलाओं द्वारा सामूहिक दीपदान का भव्य आयोजन किया गया। दीपों की रोशनी से वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर महामंत्री अंजली गुप्ता ने अपनी स्वरचित काव्य पंक्तियों के माध्यम से दीप पर्व का संदेश देते हुए सकारात्मकता, आत्मशुद्धि और मन के अंधकार को दूर करने का आह्वान किया।
उन्होंने अपनी कविता में कहा—
अंधेरों को झटक कर उजियारा लेकर आएं,
कोना-कोना उजियास करें, आओ मिलकर दीप जलाएं।
बाहर की दुनिया से ज्यादा भीतर गहन अंधेरा है,
मन मंदिर को मन में ठहरा कर अंतर मन को शुद्ध बनाएं।
कोना-कोना दीप जलाकर उजियार करें, आओ मिलकर दीप जलाएं।
इसके पश्चात अन्नकूट महोत्सव के अंतर्गत प्रसादी वितरण किया गया, जिसमें करीब 500 से अधिक लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। साथ ही मंदिर में भी अन्नकूट प्रसादी का वितरण कराया गया।
महामंत्री अंजली गुप्ता ने बताया कि समाज में प्रत्येक वर्ष नई कार्यकारिणी के गठन के साथ सदस्यों की सहमति से नए सेवा प्रकल्प एवं सामाजिक गतिविधियां संचालित की जाती हैं। शरद पूर्णिमा से प्रारंभ हुई कार्यक्रमों की श्रृंखला में यह दूसरा आयोजन था।
उन्होंने बताया कि समाज की ओर से आगामी जनवरी माह में खिचड़ी वितरण सहित अन्य जनसेवा के कार्य भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में एकता, सहयोग, धार्मिक आस्था और सेवा भावना को मजबूत करना है।

