नहाय-खाय के साथ महापर्व छठ का शुभारंभ, पीएम मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय पावन अनुष्ठान महापर्व छठ के शुभारंभ पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं की हैं। उन्होंने कामना की कि सबको छठी मइया का आशीर्वाद मिले। बता दें कि देशभर में आज से महापर्व छठ शुरू हो रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय पावन अनुष्ठान महापर्व छठ के शुभारंभ पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आज नहाय-खाय है। सभी व्रतियों को मेरा नमन। सबको छठी मइया का आशीर्वाद मिले, यही कामना है।"
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी छठ पर्व के शुभारंभ पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "लोकआस्था, पवित्रता और अटूट श्रद्धा का महापर्व छठ आज नहाय-खाय के पावन अनुष्ठान के साथ प्रारंभ हो रहा है। भगवान सूर्य की उपासना और छठी मैया की आराधना को समर्पित यह महापर्व हमारी समृद्ध आध्यात्मिक व सांस्कृतिक परंपरा का अनुपम प्रतीक है।"
उन्होंने लिखा, "समस्त देशवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। व्रत का संकल्प ले रहे सभी व्रतियों को मेरा सादर नमन और वंदन। छठी मैया और सूर्यदेव की असीम कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि बनी रहे व सभी की मनोकामनाएं पूर्ण हों।"
साभार अमर उजाला

