बरबसपुर में नई शराब दुकान के लोकार्पण का होगा विरोध, पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर का खुला ऐलान
कोरबा। बरबसपुर में प्रस्तावित नई शराब दुकान के लोकार्पण को लेकर राजनीति गरमा गई है। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर ने खुला ऐलान करते हुए कहा है कि यदि शनिवार को आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन नई शराब दुकान के लोकार्पण के लिए बरबसपुर पहुंचते हैं, तो वे स्वयं मौके पर पहुंचकर इसका विरोध करेंगे।
पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर ने कहा कि क्षेत्र के अनेक लोग नई शराब दुकान खोले जाने के विरोध में हैं और उनकी जनभावनाओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और वे स्थानीय लोगों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
पूर्व गृह मंत्री के इस बयान के बाद बरबसपुर का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। अब सभी की नजरें शनिवार को होने वाले लोकार्पण कार्यक्रम और संभावित विरोध प्रदर्शन पर टिकी हैं। विरोध की घोषणा के मद्देनजर प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

