भव्य कलश यात्रा के साथ मजेसरी में श्री देवनारायण भगवान की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न
अंबाजी धाम निपानिया के गुरुदेव ने पहुंचकर दिए आशीर्वचन
दलोदा। मजेसरी स्थित श्री देवनारायण मंदिर में दो दिवसीय धार्मिक आयोजन के समापन अवसर पर विधि-विधान के साथ श्री देवनारायण भगवान की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। आयोजन की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्राण प्रतिष्ठा एवं यज्ञ का आयोजन यज्ञाचार्य पंडित दिनेश चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। उन्होंने विधि-विधान से यज्ञ एवं प्राण प्रतिष्ठा की सभी धार्मिक प्रक्रियाएं पूर्ण करवाईं।
इस अवसर पर मालवा के प्रसिद्ध अंबाजी धाम निपानिया के पूज्य गुरुदेव भी आयोजन में पहुंचे और प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए। अपने आशीर्वचन में गुरुदेव ने कहा कि माता-पिता की सेवा से ही मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त होता है। धर्म से जुड़ने पर धर्म समाज को आपस में जोड़कर रखता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता और समरसता को बढ़ावा देते हैं। प्रत्येक गांव में इस प्रकार के आयोजन होने चाहिए, जिससे हमारी संस्कृति सुरक्षित रहे और युवाओं को सामाजिक एकता की प्रेरणा मिले।
आयोजन की विशेष बात यह रही कि सभी समाज के लोगों ने एक साथ हवन में आहुतियां देकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

