तीन विधानसभा क्षेत्रों में गूंजा स्वागत का उल्लास, मंत्री बघेल का जगह-जगह आत्मीय अभिनंदन
भितरवार-करैरा सीमा से पोहरी के नौथनी तक दिखा कार्यकर्ताओं का उत्साह, मैराथन को दिखाई हरी झंडी; शोकाकुल परिवारों के बीच पहुंचकर बांटी संवेदना ।
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव
शिवपुरी/करैरा। मध्यप्रदेश राज्य पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त केशव सिंह बघेल के शुक्रवार को हुए दौरे ने भितरवार, करैरा और पोहरी विधानसभा क्षेत्रों में उत्साह का माहौल पैदा कर दिया। भितरवार-करैरा की सीमा से लेकर पोहरी के ग्राम नौथनी तक जगह-जगह कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों, साफा, शॉल एवं श्रीफल से मंत्री का आत्मीय अभिनंदन किया।
मंत्री बघेल के साथ अखिल भारतीय पाल महासभा के युवा जिला अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र सिंह बघेल भी मौजूद रहे। दौरे की शुरुआत भितरवार-करैरा सीमा स्थित ग्राम बनियानी से हुई, जहां एडवोकेट महेंद्र सिंह बघेल ने मंत्री की अगवानी करते हुए उन्हें करैरा विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश कराया।
करैरा क्षेत्र में कदम-कदम पर हुआ स्वागत
करैरा विधानसभा क्षेत्र में मंत्री बघेल के पहुंचते ही स्वागत का सिलसिला शुरू हो गया। ग्राम हतैड़ा में बलराम बाथम, पुल्हा स्थित फौजी ढाबे पर दलवीर बघेल, पुल्हा तिराहा पर छोटू बघेल एवं पुष्पेंद्र रावत तथा नैनागिर में जनपद सदस्य गजराज सिंह बघेल, सरपंच रामदास बघेल सहित कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
नैनागिर में अरविंद वंशकार के पिता के निधन की सूचना पर मंत्री बघेल उनके निवास पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके बाद करही में मंडल अध्यक्ष रामेश्वर रावत, बनगवां-हाजीनगर तिराहे पर सरपंच नरेंद्र सिंह गुर्जर (दुमदुमा) ने महाराजा मिहिर भोज की तस्वीर भेंट कर साफा बांधते हुए उनका अभिनंदन किया।
खैराघाट में सौरभ परिहार, करैरा पुलिस सहायता केंद्र पर विकास पाल एवं युवा टीम तथा करैरा में साहब सिंह बघेल के निवास पर भी मंत्री का आत्मीय स्वागत हुआ।
सिरसौद चौराहा घसारही स्थित मन्नत होटल पर प्रखर बघेल, सिरसौद में सरपंच भान सिंह बघेल एवं पूर्व सरपंच रामहेत बघेल तथा सलैया हाईवे पर विधायक प्रतिनिधि नाथूराम बघेल एवं अर्जुन बघेल ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया।
जहां खुशी मिली, वहीं दुख की घड़ी में भी पहुंचे
मंत्री बघेल के दौरे में केवल स्वागत और अभिनंदन ही नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं की भी झलक देखने को मिली। राजगढ़ में सरपंच विजय सिंह बघेल की पुत्रवधू के निधन पर उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त की। जयरावन में रामअवतार बघेल की दादी के निधन पर भी मंत्री शोकाकुल परिवार के बीच पहुंचे और दुख की घड़ी में परिजनों को ढांढस बंधाया।
इसके बाद पारागढ़ में सरपंच दीवान सिंह बघेल तथा आमोल पठा में सरपंच भरत परिहार सहित कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। जयरावन में संवेदना व्यक्त करने के बाद रानू जाटव ने मंत्री का अभिनंदन किया।
नौथनी में खेल भावना का उत्सव, मैराथन को दिखाई हरी झंडी
दौरे का प्रमुख आकर्षण पोहरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नौथनी में आयोजित मैराथन दौड़ प्रतियोगिता रही। यहां मंडल संचालक रामलाल बघेल, आयोजन अध्यक्ष दशरथ बघेल, सलाहकार अध्यक्ष नवाब सिंह बघेल, सदस्य अंगद सिंह बघेल, डॉ. सूरज सिंह बघेल सहित आयोजन समिति ने मंत्री का बड़ी माला पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत लोकमाता देवी अहिल्याबाई की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद मंत्री बघेल ने मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर मंत्री बघेल ने प्रतिभागियों एवं ग्रामीणों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ उनके मानसिक विकास और आत्मविश्वास को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
नरवर-मगरौनी में भी दिखा आत्मीयता का रंग
नौथनी के कार्यक्रम के उपरांत मंत्री बघेल नरवर पहुंचे। यहां लोहड़ी माता मंदिर चुंगी नाका पर मंडल अध्यक्ष एवं सरपंच नारायण सिंह बघेल तथा बस स्टैंड पर जिला पंचायत सदस्य लखन कुशवाह सहित कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
मगरौनी में सुनील बघेल एवं मंडल अध्यक्ष इमरतलाल कुशवाह से मंत्री ने आत्मीय मुलाकात की। दौरे के अंतिम चरण में ग्राम देवरी खुर्द में रामजीलाल बघेल के निधन पर उनके परिजनों से मुलाकात कर मंत्री ने शोक संवेदना व्यक्त की।
शाम करीब 7 बजे मंत्री केशव सिंह बघेल भितरवार होते हुए अपने गृह नगर डबरा के लिए रवाना हुए। पूरे दौरे में स्वागत, सम्मान, खेल भावना और मानवीय संवेदनाओं का ऐसा संगम दिखाई दिया, जिसने कार्यकर्ताओं के उत्साह के साथ सामाजिक आत्मीयता की तस्वीर भी प्रस्तुत की।

