निगमायुक्त ने अधिकारियों के साथ चाका  मार्ग का मैदानी निरीक्षण कर परखी शहर की व्यवस्थाएं

  • Share on :

सुरक्षित आवागमन, बेहतर नागरिक सुविधाएं और हरित विकास पर निगमायुक्त का जोर 
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर 
कटनी। शहर को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं हरित स्वरूप प्रदान करने की दिशा में नगर पालिक निगम द्वारा लगातार मैदानी स्तर पर कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार प्रातः निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा निगम अधिकारियों के साथ बस से चाका मुख्य मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया तथा नागरिक सुविधाओं, सुरक्षित आवागमन, प्रकाश व्यवस्था, डिवाइडर मरम्मत, जल निकासी, अतिक्रमण नियंत्रण एवं पौधारोपण से जुड़े विभिन्न कार्यों पर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए।  

निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री सर्व श्री सुनील सिंह, आदेश जैन, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव, मोना करेरा, निशांत कनौजिया, अभिषेक अरजरिया सहित निगम की  अन्य शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

संबंधित विभाग से समन्वय कर, करें आवश्यक कार्यवाही

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने नगर निगम सीमा चाका प्रवेश मार्ग के आगे स्थित विजयराघवगढ़ मोड़ के पास स्थल का निरीक्षण कर  वाहन चालकों एवं नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने निगम अधिकारियो को संबंधित विभाग से पत्राचार कर समन्वय स्थापित करते हुए स्थल के दोनो ओर का अतिक्रमण हटाने, यातायात संबंधी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के साथ ही पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था विकसित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जाकर आवागमन को सुरक्षित बनाया जा सके।

क्षतिग्रस्त डिवाइडरों की कराए मरम्मत

शहर के सौंदर्यीकरण एवं सुरक्षित यातायात को गति देने के उद्देश्य से निगमायुक्त ने बस स्टैंड से कुठला नगर निगम सीमा तक रोड़ के मध्य स्थापित डिवाइडरों एवं उनकी क्षतिग्रस्त जालियों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही डिवाइडरों में लगाए गए पौधों के संरक्षण के लिए स्थाई सिंचाई व्यवस्था विकसित करने हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश सहायक यंत्री आदेश जैन को दिए।

अतिक्रमण चिन्हित कर करें कार्यवाही

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त सुश्री परिहार ने ट्रांसपोर्ट नगर के सामने एवं बस स्टैंड से कुठला प्रवेश मुख्य मार्ग के किनारे के दोनों ओर स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमणों को चिन्हित कर नियमानुसार नोटिस जारी करते हुए उन्हें हटाने की कार्यवाही के निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने वर्षा ऋतु में प्रभावी जल निकासी सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित मापदंडों के अनुरूप मार्ग किनारे से नाला निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने,  पोल पर लगे विज्ञापनों को व्यवस्थित करने तथा ट्रांसपोर्ट नगर प्रवेश द्वार के पास दिशा-सूचक बोर्ड स्थापित करने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए।

पुलियों की कराए मरम्मत

सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए निगमायुक्त ने पुरैनी स्थित पुरानी प्राइवेट सब्जी मंडी एवं पन्ना मोड़ स्थित मंदिर के समीप स्थित क्षतिग्रस्त पुलियों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा आवश्यक चेतावनी एवं सूचना संकेतक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही काली माता मंदिर के सामने बने स्पीड ब्रेकर की मरम्मत कराने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए।

चलाएं पौधारोपण अभियान

पर्यावरण संरक्षण एवं शहर को हरित स्वरूप प्रदान करने की मंशा के अनुरूप निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने मुख्य मार्ग के डिवाइडरों तथा सड़क किनारे उपलब्ध रिक्त स्थलों पर व्यापक पौधारोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकसित एवं संरक्षित हरित क्षेत्र न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाते हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper