वर्षा से पूर्व नगरपालिका द्वारा नाला-नालियों की सफाई हेतु विशेष अभियान शुरू
प्रदीप सिंह बघेल
शहडोल। आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद, शहडोल द्वारा नगर क्षेत्र में नाला-नालियों की व्यापक सफाई के लिए विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। यह अभियान कलेक्टर शहडोल डॉ. केदार सिंह के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव जैसी समस्याओं से नागरिकों को राहत मिल सके।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि नगर के सभी प्रमुख एवं आंतरिक नालों की समयबद्ध और प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि वर्षा शुरू होने से पहले सभी जल निकासी मार्गों को व्यवस्थित करना प्राथमिकता है, जिससे शहर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगर पालिका के स्वच्छता निरीक्षक श्री अनिल महोबिया द्वारा विभिन्न वार्डों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है तथा सफाई कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। अभियान के अंतर्गत न्यू बस स्टैंड क्षेत्र, शंकर टॉकीज स्थित सब्जी मंडी, मीट मार्केट के समीप, रेलवे फाटक क्षेत्र तथा हाउसिंग बोर्ड सहित नगर के विभिन्न हिस्सों में नालों एवं नालियों की गहन सफाई कराई जा रही है।
नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा कचरा नाला-नालियों में न डालें, जिससे जल निकासी व्यवस्था बाधित न हो। साथ ही यदि कहीं नाली अथवा नाला अवरुद्ध दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल नगर पालिका को दें।
नगर पालिका परिषद, शहडोल ने बताया कि यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा, जिससे वर्षा ऋतु के दौरान शहर में स्वच्छता एवं सुचारू जल निकासी व्यवस्था बनाए रखी जा सके और जलभराव की समस्या से प्रभावी बचाव हो सके।

