अपार्टमेंट की छठी मंजिल से गिरकर कारोबारी के इकलौते बेटे की संदिग्ध मौत
कानपुर. कानपुर के बिठूर में शनिवार को एक 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उसका शव रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट के नीचे मिला. युवक अपार्टमेंट की छठी मंजिल से गिरा था. उसकी पहचान आरके नगर निवासी संभव खंडेलवाल के रूप में हुई है. वह शहर के प्रतिष्ठित कागज कारोबारी विशाल खंडेलवाल का इकलौता बेटा था. संभव एक महिला मित्र से मिलने उसके फ्लैट पर गया था. घटना को लेकर दोनों परिवारों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं. जहां लड़की के परिजन इसे दुर्घटना बता रहे हैं, वहीं संभव के परिवार ने उसके साथ मारपीट कर नीचे गिराए जाने का संदेह जताया है.
संभव के पिता विशाल खंडेलवाल का गुरू पेपर हाउस के नाम से कागज का कारोबार है. परिवार में पत्नी प्रीती, बेटा संभव और बेटी काव्या हैं. काव्या की शादी हो चुकी है. संभव अपने पिता के व्यावसायिक काम में भी सहयोग करता था.
परिवार के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे संभव कार लेकर घर से निकला था. उसने किसी दोस्त से मिलने जाने की बात कही थी. करीब डेढ़ घंटे बाद परिवार को उसके मोबाइल से कॉल आया. फोन पर बताया गया कि संभव रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट की छठी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसे पारस अस्पताल ले जाया गया है. परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर उसे मृत घोषित कर चुके थे.
साभार आज तक

