किसान मोर्चा की जिला कामकाजी बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की बनी रूपरेखा, विधायक अर्चना चिटनिस ने दिया जनभागीदारी का संदेश
महेन्द्र मालवीय रणजीत टाईम्स
बुरहानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों के सुशासन, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा बुरहानपुर की जिला कामकाजी बैठक आयोजित की गई, जिसमें 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस एक माह के विशेष अभियान में किसान मोर्चा की सक्रिय सहभागिता और प्रभावी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता, विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी), निमाड़ संभाग प्रभारी व प्रदेश उपाध्यक्ष श्री नारायण पटेल, किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री मनोज लधवे, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज माने, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राहुल जाधव, महामंत्री ईश्वर चौहान एवं जिला मंत्री सुनील वाघे , किसान मोर्चा महामंत्री मनोज चौधरी, कुंदन यादव, सहित किसान मोर्चा के सभी प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
25 प्रकार की सेवा गतिविधियों से जुड़ेगा समाज
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का मुख्य उद्देश्य केवल 25 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सेवा की भावना को समाज की सामूहिक शक्ति बनाना है। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर में विशेष कार्ययोजना के साथ प्रयास किया जा रहा है कि सेवा का लाभ सीधे समाज के अंतिम व्यक्ति और जरूरतमंद तक पहुंचे।
अभियान की मूल भावना “जरूरत को पहचानना, जरूरतमंद तक पहुंचना और उसकी जरूरत पूरी करना” है। इसके तहत स्वास्थ्य, पोषण, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, रक्तदान, श्रमदान और पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक विषयों पर विशेष जोर रहेगा।
अभियान के प्रमुख बिंदु और कार्ययोजना:
25 प्रकार की गतिविधियां: एक माह के दौरान स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, पौधारोपण और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
'सेवा सेतु' शिविर: पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ने और लाभ दिलाने के लिए विशेष शिविरों का आयोजन होगा।
स्वास्थ्य एवं पोषण पर ध्यान: राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बच्चों की जांच और उपचार तथा महिलाओं व बच्चों के पोषण पर प्राथमिकता से काम किया जाएगा।
हर बूथ तक पहुंच: अभियान को जिले के प्रत्येक बूथ, शक्ति केंद्र, ग्राम और नगरीय क्षेत्रों तक ले जाकर आम जन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों और ग्रामीणों को इस महाअभियान से जोड़ें और 'विकसित भारत-2047' के संकल्प को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

