मुंबई में धमाकों की धमकी देने वाला नोएडा से गिरफ्तार
मुंबई। उत्तर प्रदेश के नोएडा से अश्विन कुमार सुप्रा (50) नाम के एक शख्स को मुंबई में बम विस्फोट की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने बीते दिन यह कार्रवाई की। मुंबई पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। धमकी देने में इस्तेमाल किया गया उसका फोन और सिम कार्ड जब्त कर लिया गया है। उसे नोएडा से मुंबई लाया जा रहा है। आगे की जांच की जाएगी।
इससे पहले मुंबई पुलिस ने बताया था कि मुंबई ट्रैफिक पुलिस को उनके आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर धमकियां मिलीं। धमकी में दावा किया गया कि शहर भर में 34 वाहनों में 34 'मानव बम' लगाए गए हैं। इसके विस्फोट से पूरी मुंबई दहल जाएगी। 'लश्कर-ए-जिहादी' होने का दावा करने वाले इस संगठन ने दावा किया कि 14 पाकिस्तानी आतंकवादी भारत में घुस आए हैं। धमकी भरे संदेश में आगे कहा गया कि विस्फोट में 400 किलोग्राम आरडीएक्स का इस्तेमाल किया जाएगा। मुंबई पुलिस सतर्क है और पूरे राज्य में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। धमकी के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
साभार अमर उजाला