दाबर अली से दाबर बली करने का प्रस्ताव, कथा मंच से उठा नाम परिवर्तन का संकल्प
हेमंत भार्गव जिला ब्यूरो चीफ
करेरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दाबर अली में आयोजित भागवत कथा के दौरान एक अनोखी स्थिति देखने को मिली, जब मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता धैर्यवर्धन ने गांव का नाम बदलने का सुझाव दिया। उन्होंने मंच से ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि गांव का नाम “दाबर अली” के स्थान पर “दाबर बली” किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में मौजूद बड़ी संख्या में ग्रामीणों से उन्होंने हाथ उठाकर समर्थन भी मांगा और नाम परिवर्तन के लिए सामूहिक संकल्प दिलाया। इस प्रस्ताव का समर्थन कथा वाचक आचार्य कृष्णानंद गिरी महाराज ने भी किया और इसे सकारात्मक पहल बताया।
धैर्यवर्धन ने अपने संबोधन में कहा कि गांव में पूरी तरह हिंदू आबादी निवास करती है, ऐसे में वर्तमान नाम स्थानीय परंपरा और आस्था से मेल नहीं खाता। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि समय रहते नाम में बदलाव नहीं किया गया तो भविष्य में गांव की पहचान को लेकर भ्रम की स्थिति बन सकती है। उन्होंने “बली” नाम को हनुमान जी की आस्था से जोड़ते हुए इसे शुभ और प्रेरणादायक बताया।
उन्होंने ग्राम पंचायत से औपचारिक प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया। सरपंच चंद्रभान सिंह रावत से कहा गया कि ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर संबंधित जनप्रतिनिधियों की अनुशंसा के साथ इसे प्रशासन तक पहुंचाया जाए, ताकि आगे कलेक्टर और राज्य स्तर पर नाम परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी हो सके।
धैर्यवर्धन ने क्षेत्र की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों की जन्मस्थली रही है और यहां की मिट्टी ने अनेक प्रतिभाओं को जन्म दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शासन स्तर से इस पहल को सहयोग मिलेगा।
कार्यक्रम में आसपास के गांवों से आए श्रद्धालुओं ने भी इस प्रस्ताव पर सहमति
और उत्साह व्यक्त किया। कथा आयोजन में अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

