आंधी तूफान नें बरपाया कहर अंधेरे में डूबा पूरा शहर

  • Share on :

प्रदीप सिंह बघेल 
शहडोल । शहडोल शहर में दरमियानी रात मौसम ने अचानक ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि लोग सहम उठे। तेज आंधी, तूफान और धूल भरी हवाओं के बीच पूरे शहर की बिजली व्यवस्था ठप हो गई और देखते ही देखते शहडोल अंधेरे की चपेट में आ गया।
रातभर चली तेज हवाओं ने शहर के कई हिस्सों में भारी नुकसान पहुंचाया। जगह-जगह पेड़ गिर गए, दीवारें धराशायी हो गईं और टीन-टप्पर उड़कर सड़कों पर जा गिरे। कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सबसे बड़ा हादसा टल गया जब नटराज होटल के सामने वाले मार्ग पर एक बड़ा पेड़ अचानक गिर पड़ा और पास स्थित कपड़े की दुकान तक जा पहुंचा। घटना के दौरान वहां मौजूद दो लोग बाल-बाल बच गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
तेज तूफान का असर धार्मिक स्थलों पर भी दिखाई दिया। राम मंदिर परिसर में लगे टीन शेड हवा में उड़ गए, जिससे परिसर में अव्यवस्था फैल गई। वहीं तालाब क्षेत्र सहित शहर के कई हिस्सों में देर रात तक तबाही जैसे हालात बने रहे।
आंधी के साथ बिजली गुल होने से लोग पूरी रात परेशान रहे। कई मोहल्लों में घंटों अंधेरा पसरा रहा। बिजली विभाग की टीमों को भी खराब मौसम के बीच फॉल्ट तलाशने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की तेज आंधी ने नगर पालिका और बिजली विभाग की तैयारियों की पोल खोल दी है। कमजोर पेड़, जर्जर टीन शेड और लटकते बिजली तार लंबे समय से खतरा बने हुए थे, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई।
फिलहाल प्रशासन नुकसान का आंकलन करने में जुटा है, वहीं लोगों में डर का माहौल बना हुआ है कि यदि मौसम ने फिर करवट ली तो हालात और बिगड़ सकते हैं।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper