देवास में जज के घर चोरी... चोरों ने मकान से चुराए लाखों के गहने

  • Share on :

देवास। देवास के अलकापुरी क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यह वारदात प्रथम सत्र न्यायाधीश के सूने मकान में हुई। बताया गया है कि न्यायाधीश सपरिवार धार्मिक यात्रा पर गए हुए थे। जब वे घर लौटे तो उन्होंने देखा कि घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वाड व फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम ने जांच की।चोर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।  पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 
अलकापुरी क्षेत्र में रहने वाले न्यायाधीश सौरभ जैन 31 जनवरी की रात सपरिवार धार्मिक यात्रा पर गए थे। जब वे लौटे और घर का ताला खोला तो अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ मिला। उन्होंने तुरंत सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कुछ देर बाद डॉग स्क्वाड व फिंगरप्रिंट टीम भी पहुंची। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय पार्षद राहुल पंवार भी मौके पर पहुंचे।
न्यायाधीश की पत्नी ने बताया कि घर के दरवाजों पर ताला लगा हुआ था और खिड़कियां भी बंद थीं। जब उन्होंने घर की जांच की तो एक खिड़की खुली मिली। संभावना है कि चोरों ने खिड़की की ग्रिल तोड़कर घर में प्रवेश किया है। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 2.50 से 3 लाख रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा, हॉल में रखे शोकेस का सामान भी अस्त-व्यस्त कर दिया गया था। चोरों के लंबे समय तक घर में मौजूद रहने के भी संकेत मिले हैं, क्योंकि उन्होंने रसोई में रखे काजू तक खा लिए थे।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper