'विकास का कोई शॉर्टकट नहीं', ढाई साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच पहुंचे विधायक प्रीतम सिंह लोधी

  • Share on :

अतुल जैन 
खनियांधाना। विकास के दावों और उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा लेकर क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह लोधी गुरुवार को खनियांधाना पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद किया, आमजन की समस्याएं सुनीं और बाद में पत्रकारों से चर्चा करते हुए अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, सड़क, आवास, धार्मिक स्थलों के विकास और नगर के सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न योजनाओं में हुई प्रगति को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि पिछोर विधानसभा अब पिछड़े क्षेत्र की पहचान छोड़ विकास की नई मिसाल बन रही है।

पत्रकारों से बातचीत में विधायक लोधी ने कहा कि विकास केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि साफ नीयत, मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयासों से संभव होता है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में उनकी प्राथमिकता शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना रही, जिसका सकारात्मक परिणाम आज पूरे क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। उनके अनुसार, जिस क्षेत्र का शैक्षणिक प्रदर्शन कभी लगभग 25 प्रतिशत के आसपास था, वह लगातार प्रयासों, विद्यार्थियों को प्रोत्साहन और सम्मानित करने की योजनाओं के चलते अब लगभग 90 प्रतिशत तक पहुंच गया है। उन्होंने दावा किया कि शिक्षा के क्षेत्र में पिछोर विधानसभा आज पूरे चंबल संभाग में अग्रणी स्थान पर है।

विधायक ने बताया कि विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता का वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से मेधावी छात्रों को चांदी के मेडल, ब्लेज़र तथा बाद में गोल्ड मेडल देने की पहल की गई। इन प्रयासों के कारण शिक्षा का माहौल बदला और क्षेत्र को सीएम राइज स्कूल जैसी महत्वपूर्ण सौगात मिली। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की एक छात्रा के प्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान प्राप्त करने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर खनियांधाना में केंद्रीय विद्यालय की मांग रखी थी, जिसे स्वीकृति मिल गई है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि सरकार केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी समान रूप से कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत क्षेत्र में एक हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 600 हितग्राहियों के खातों में पहली किस्त की राशि जारी हो चुकी है, जबकि शेष आवासों की प्रक्रिया जारी है।

विधायक लोधी ने बताया कि खनियांधाना नगर में लगभग 1.10 करोड़ रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा सीता पाठा क्षेत्र में भी एक करोड़ दस लाख रुपये के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। कोटयाई में भगवान बिरसा मुंडा मंदिर के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये तथा भगवान श्रीकृष्ण मंदिर के विकास के लिए 36 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के धार्मिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे के विकास को समान प्राथमिकता दी जा रही है।

नगर के ऐतिहासिक तालाब के संरक्षण और सौंदर्यीकरण का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि तालाब की सफाई, सौंदर्यीकरण, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित कर इसे शहर की पहचान बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

बस स्टैंड क्षेत्र में सफाई और अव्यवस्था के संबंध में पूछे गए सवाल पर विधायक ने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन और कार्यकर्ता लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में स्वयं झाड़ू उठाकर सफाई अभियान में शामिल हुए थे और भविष्य में भी यदि आवश्यकता पड़ी तो जनता के साथ मिलकर ऐसे अभियान चलाने से पीछे नहीं हटेंगे। उनका कहना था कि खनियांधाना को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित नगर बनाने तक उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

इस अवसर पर सरपंच अशोक यादव, मंडल अध्यक्ष विवेक यादव, विधायक प्रतिनिधि भानु जैन चौधरी, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष पति जगदीश साहू, हिमांशु झा, रमाकांत पाठक, मृगेंद्र चौबे, सरदार परिहार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper