घर में चल रहे थे झगड़े... इंदौर में अब बहू ने सास की कर दी हत्या!
राजेश धाकड़
इंदौर में घरेलू विवाद एक बार फिर खून-खराबे में तब्दील हो गया। विजय नगर थाना क्षेत्र के श्रीराम नगर, इंडिया गेट के पीछे रहने वाली 45 वर्षीय गोमती चौधरी की उनके ही घर में बहू नेहा द्वारा हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, नेहा ने सास गोमती पर टाइल्स से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जब तक परिजन उसे इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचते, उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घर में सिर्फ महिलाएं थीं...
घटना के वक्त घर में सिर्फ सास-बहू थीं। गोमती बाई के पति और बेटा दोनों ही किसी काम से बाहर गए हुए थे। सुबह से ही घर में तनाव का माहौल था। जानकारी के मुताबिक, आज सुबह भी गोमती बाई ने विजय नगर थाने में बहू की शिकायत की थी। इससे पहले भी आठ दिन पहले वे घरेलू विवाद को लेकर पुलिस थाने गई थीं, लेकिन मामला शांत करा दिया गया था।
आरोपी बहू हिरासत में, हत्या की वजह की पड़ताल जारी
घटना की जानकारी मिलते ही विजय नगर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बहू नेहा को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में घरेलू विवाद और पारिवारिक तनाव ही प्रमुख कारण के रूप में सामने आया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आसपास के लोगों के भी बयान दर्ज किए जाएंगे।
यह वारदात न केवल घरेलू हिंसा की गंभीरता को उजागर करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि कैसे छोटे-छोटे विवाद समय रहते सुलझाए न जाएं तो वह जानलेवा बन सकते हैं। पुलिस अब हत्या के पीछे के गहरे कारणों की जांच में जुट गई है।