हत्या के मामले में फरार तीसरा आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
आम तोड़ने के विवाद में हुई थी महिला की हत्या, पहले ही दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
अतुल जैन
खनियाधाना। थाना खनियाधाना पुलिस ने हत्या के मामले में करीब ढाई माह से फरार चल रहे तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में उपजेल पिछोर भेज दिया गया। इससे पहले इस मामले के दो अन्य आरोपी गिरफ्तार होकर जेल भेजे जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना खनियाधाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रकरण में फरार आरोपी राहुल प्रजापति को गिरफ्तार किया।
(आम तोड़ने के विवाद ने लिया था खूनी रूप)
पुलिस के मुताबिक, 19 मई 2026 को ग्राम अछरौनी निवासी फरियादिया श्रीमती खुमनिया प्रजापति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान उनके देवर सिरनाम प्रजापति, भतीजे राहुल प्रजापति तथा लुक्का उर्फ सोनसिंह प्रजापति वहां पहुंचे और खेत के साझे आम के पेड़ से आम तोड़ने की बात को लेकर विवाद करने लगे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान सिरनाम प्रजापति ने लाठी से हमला कर खुमनिया प्रजापति के सिर में गंभीर चोट पहुंचाई, जबकि राहुल प्रजापति और लुक्का उर्फ सोनसिंह ने भी खुमनिया तथा रामकुमार प्रजापति के साथ मारपीट की। घटना के बाद थाना खनियाधाना में अपराध क्रमांक 177/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। उपचार के दौरान खुमनिया प्रजापति की ग्वालियर स्थित जेएएच अस्पताल में मृत्यु हो जाने पर प्रकरण में हत्या सहित संबंधित धाराएं बढ़ा दी गईं।
(रेड्डी चौराहे से दबोचा गया आरोपी)
जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही आरोपी सिरनाम प्रजापति और लुक्का उर्फ सोनसिंह प्रजापति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। तीसरा आरोपी राहुल प्रजापति पुत्र सिरनाम प्रजापति (27) निवासी प्रजापति मोहल्ला, ग्राम अछरौनी, थाना खनियाधाना, लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे 3 अगस्त को रेड्डी चौराहे से गिरफ्तार किया। मंगलवार को आरोपी को न्यायालय खनियाधाना में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट मिलने के बाद उसे उपजेल पिछोर भेज दिया गया।
(इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका)
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक केदार सिंह यादव, उप निरीक्षक छाया राय, सहायक उप निरीक्षक रामसिंह भिलाला, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र सिंह पाल, प्रधान आरक्षक नीतू सिंह, प्रधान आरक्षक सोनू यादव, आरक्षक अनूप कुमार, आरक्षक अरविंद्र सिंह कौरव, आरक्षक संदीप तथा महिला आरक्षक हनीराजा चौहान की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

