तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ
अभियान के पहले दिन टीकाकरण केंद्रों पर लाखों बच्चों को पिलाई गई पोलियो निरोधक दवा
अभियान के तीन दिनों में 5 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य
आदित्य शर्मा
इंदौर। जिले में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मुख्य आतिथ्य में शासकीय पॉलीक्लिनिक हुकुमचंद परिसर में किया गया। अभियान की शुरुआत छोटे बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाकर की गई। इस अवसर पर कलेक्टर श्री वर्मा ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और इस जनजागरूकता अभियान में भागीदार बनें।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि इंदौर आने वाली पीढ़ी के स्वास्थ्य को लेकर सजग है और पोलियो उन्मूलन के लिए यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान जागरूकता के लिए निकाली गई ऑटो रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ ही उन्होंने हुकुमचंद पॉलीक्लिनिक, रेबीज टीकाकरण केंद्र, नियमित टीकाकरण केंद्र, आदर्श टीकाकरण केंद्र और डायलिसिस यूनिट का निरीक्षण भी किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि जिले में 0 से 5 वर्ष तक के लगभग 5 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। पहले दिन बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई, जबकि अगले दो दिनों तक घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों तक टीम पहुंचेगी। पोलियो निरोधक दवा की खुराक देने के लिए जिले में 3600 से अधिक बूथ बनाए गए, मोबाइल टीमों और 8 हजार से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की गई ।
अभियान के तहत विशेष ध्यान हाई रिस्क क्षेत्रों, मलिन बस्तियों, निर्माण स्थलों, घुमंतू आबादी तथा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे ट्रांजिट प्वाइंट्स पर दिया जाएगा, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रह जाए।

