जांच प्रभावित न हो, इसलिए ईओडब्ल्यू ने पोहरी एसडीएम और पटवारी के तबादले की सिफारिश की
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव
शिवपुरी: आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ग्वालियर ने पोहरी अनुविभाग में पदस्थ एसडीएम जे.पी. गुप्ता एवं पटवारी अशोक वर्मा के विरुद्ध दर्ज भ्रष्टाचार प्रकरण में महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए दोनों अधिकारियों के स्थानांतरण की अनुशंसा की है ईओडब्ल्यू का कहना है कि निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के लिए दोनों अधिकारियों का पोहरी से स्थानांतरण आवश्यक है, ताकि वे किसी भी प्रकार से जांच को प्रभावित न कर सकें
जानकारी के अनुसार, ईओडब्ल्यू पुलिस अधीक्षक कार्यालय, ग्वालियर द्वारा 3 जुलाई 2026 को कलेक्टर शिवपुरी को भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि अपराध क्रमांक 80/2026 के तहत एसडीएम जे.पी. गुप्ता एवं पटवारी अशोक वर्मा के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है दोनों अधिकारी वर्तमान में पोहरी अनुविभाग में पदस्थ हैं
ईओडब्ल्यू ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी जांच के हित में दोनों अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से पोहरी अनुविभाग से स्थानांतरण किया जाना उचित होगा एजेंसी का मानना है कि वर्तमान पदस्थापना पर बने रहने की स्थिति में जांच प्रभावित होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता
उल्लेखनीय है कि यह मामला नाम दुरुस्ती के एवज में कथित रूप से रिश्वत मांगने से जुड़ा है शिकायत के आधार पर ईओडब्ल्यू ने जांच करते हुए दोनों अधिकारियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था अब ईओडब्ल्यू द्वारा स्थानांतरण की अनुशंसा किए जाने के बाद इस पूरे मामले में अंतिम निर्णय जिला प्रशासन एवं शासन स्तर पर लिया जाएगा
यह कार्रवाई जिले में चर्चाओं का विषय बनी हुई है और अब सभी की नजर शासन के आगामी निर्णय पर टिकी हुई है.!!

