भिंड में दर्दनाक सड़क हादसा: छीमका गांव के पास डंपर से टकराई तेज रफ्तार पिकअप, 8 लोगों ने गंवाई जान
भिंड। भिंड-ग्वालियर रोड पर छीमका गांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार पिकअप को डंपर से टकरा गई। दर्दनाक हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को 108 एंबुलेंस और पुलिस वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहद पहुंचाया गया।
हादसे में आठ लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 26 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है। गोहद अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल, एसडीओपी महेंद्र गौतम समेत चौराहा, गोहद और एंडोरी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हादसे की वजह पता लगाने में जुटी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
साभार अमर उजाला

