आयातित तुअर पर मंडी शुल्क छूट हेतु प्री-अराइवल स्लिप का प्रशिक्षण आयोजित
पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। श्रीमान प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम के आदेशानुसार एवं संयुक्त संचालक प्रवीण वर्मा के मार्गदर्शन में, सचिव मंडी इंदौर ओ.पी. खेड़े द्वारा मंडी संयोगितागंज कार्यालय में दलहन व्यापारियों एवं प्रसंस्करणकर्ताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश के बाहर से आयातित दलहन (तुअर) पर मिलने वाली मंडी शुल्क छूट के संबंध में प्री-अराइवल स्लिप (Pre-Arrival Slip) की प्रक्रिया की जानकारी मंडी कर्मचारियों द्वारा विस्तारपूर्वक दी गई। व्यापारियों को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं शासन द्वारा निर्धारित नियमों की जानकारी प्रदान की गई।
मंडी प्रशासन ने बताया कि 25 जून 2026 से प्री-अराइवल स्लिप अनिवार्य रूप से लागू की जा रही है। इसके बाद प्रदेश के बाहर से आयातित तुअर पर मंडी शुल्क छूट का लाभ केवल उन्हीं व्यापारियों को प्राप्त होगा, जिन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्री-अराइवल स्लिप प्राप्त की होगी। बिना प्री-अराइवल स्लिप के व्यापारियों को मंडी शुल्क छूट का लाभ नहीं दिया जाएगा।
कार्यक्रम में व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज काला, राजेश अग्रवाल, दलहन व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में दलहन व्यापारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान व्यापारियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा उन्हें ऑनलाइन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
मंडी प्रशासन ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे 25 जून 2026 से पूर्व प्री-अराइवल स्लिप की प्रक्रिया को समझकर उसका पालन सुनिश्चित करें, ताकि मंडी शुल्क छूट का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त किया जा सके।

