सेवा संकल्प अभियान के तहत वन विभाग शहडोल द्वारा किया गया पौधरोपण
साहिल खान
लकी राजनीति शहडोल 17 सितंबर 2026- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज वनमण्डल दक्षिण शहडोल के नवीन आवासीय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों, विद्यालयीन छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों, ब्रह्मकुमारी संस्थान के सदस्यों, गणमान्य नागरिकों एवं ग्रामीणजनों ने सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में वन संरक्षक वन वृत्त शहडोल श्री महेन्द्र प्रताप सिंह (भा.व.से.), वनमण्डलाधिकारी दक्षिण शहडोल सुश्री श्रद्धा पन्द्रे (भा.व.से.), वनमण्डलाधिकारी उत्तर शहडोल श्रीमती तरुणा वर्मा (भा.व.से.), उप वनमण्डलाधिकारी सोहागपुर श्री संतोष कुमार शुक्ला एवं उप वनमण्डलाधिकारी जैतपुर श्री वीरभद्र सिंह परिहार सहित अन्य अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अशासकीय ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहडोल के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों, ब्रह्मकुमारी संस्थान शहडोल के सदस्यों तथा ग्रामीणजनों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। इस दौरान वनमण्डलाधिकारी दक्षिण शहडोल सुश्री श्रद्धा पन्द्रे ने विद्यालयीन छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित ग्रामीणजनों को वन एवं वन्यप्राणियों के संरक्षण तथा पौधों के महत्व के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान आम, आंवला, इमली, जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के लगभग 50-55 पौधे रोपित किए गए। रोपित पौधों के स्थल को ‘अरण्य वाटिका’ के नाम से विकसित किया गया है। यह स्थल सूक्ष्म जैव विविधता के प्रादर्श रूप में विकसित होगा।
कार्यक्रम में वन परिक्षेत्राधिकारी शहडोल श्री विनायक कुमार गौतम, परिक्षेत्र सहायक बड़खेरा श्री श्रीप्रकाश शुक्ला, बीट प्रभारी श्री विजय प्रजापति, बीटगार्ड निपनिया श्री राजेन्द्र तिवारी, बीटगार्ड श्यामडीह श्री इन्द्रमणि तिवारी, बीटगार्ड जमुई श्री सुरेश बैगा सहित वन परिक्षेत्र शहडोल का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस वृक्षारोपण कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वन एवं वन्यप्राणी संरक्षण तथा पौधों के महत्व के प्रति आमजन एवं विद्यार्थियों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

