श्रद्धांजलि सभा : पूर्व विधायक अश्विन जोशी को दी गई भावभीनी विदाई, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने किया नमन
हातोद (इंदौर)। हातोद के ब्रह्मा वाटिका में रविवार शाम एक गरिमामयी शोक सभा का आयोजन किया गया, जहाँ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने इंदौर के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ नेता दिवंगत अश्विन जोशी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम 'स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह' को परिवर्तित कर इसे पूर्णतः जननेता अश्विन जोशी की स्मृति और श्रद्धांजलि को समर्पित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने शिरकत कर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
इन वरिष्ठ नेताओं की रही उपस्थिति
श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से एआईसीसी सचिव व पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल, म.प्र. कांग्रेस कमेटी के महासचिव रघु परमार, सचिव शक्तिसिंह गोयल और विजय बंटी राठौर उपस्थित रहे। नेताओं ने अपने संबोधन में अश्विन जोशी के राजनीतिक सफर और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें एक निर्भीक और जनप्रिय नेता बताया।
इस दौरान विक्रम मस्ताल (पूर्व विधानसभा प्रत्याशी, बुधनी), समंदर पटेल (पूर्व विधानसभा प्रत्याशी, जावद), राधेश्याम पटेल (क्षत्रिय कलौता समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व जिला संघ अध्यक्ष), उमरावसिंह मौर्य (पूर्व दुग्ध संघ अध्यक्ष), चेतन चौधरी (महासचिव, म.प्र. युवा कांग्रेस), कृपाराम सोलंकी (पूर्व जिला पंचायत सदस्य), गजेन्द्रसिंह राठौर (अध्यक्ष, जिला युवा कांग्रेस इंदौर) सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित थे।
अंत में उपस्थित सभी साथियों और वक्ताओं ने संकल्प लिया कि वे जोशी जी के दिखाए गए जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ते रहेंगे। इस दौरान पूरे हातोद क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

