त्रिपुरा: अशाबाड़ी में तस्करों ने BSF जवानों पर किया हमला, सरकारी वाहन में तोड़फोड़; एक आरोपी गिरफ्तार

  • Share on :

अगरतला। त्रिपुरा के अशाबाड़ी इलाके में सोमवार सुबह सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों पर हमले की घटना सामने आई है। बॉक्सानगर क्षेत्र के अशाबाड़ी में कथित तस्करों के एक समूह ने तीन बीएसएफ जवानों को बुरी तरह पीट दिया। हमले में जवान घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
हमले के दौरान आरोपियों ने घायल जवानों के हथियार छीनने की भी कोशिश की। इसके अलावा उन्होंने एक सरकारी वाहन में तोड़फोड़ की। घटना को लेकर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कड़ी नाराजगी जताई है और संबंधित अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के बाद जब आरोपियों का पीछा किया गया तो वे अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। हालांकि, बीएसएफ के जवानों ने एक कथित तस्कर को पकड़ लिया। उसकी पहचान हेजफुर रहमान के रूप में हुई है। उसे घटनास्थल से करीब 400 मीटर की दूरी पर हिरासत में लिया गया।
इससे पहले सामने आए घटना के हैरान कर देने वाले वीडियो में BSF के जवान को कई पुरुष और महिलाएं लाठी डंडों से पीटते हुए दिख रहे हैं। एक महिला बीएसएफ जवान के सिर पर बुरी तरह डंडा मारती है जिससे वह रोड किनारे जमीन पर गिर पड़ता है। जवान के हाथ में राइफल होती है लेकिन वह खुद पर हमला किए जाने के बावजूद राइफल का इस्तेमाल नहीं करता है। इस दौरान एक आरोपी जवान को मारते हुए उससे राइफल छीन लेता है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper