वेटनरी कॉलेज गेट के सामने फायरिंग मामला मुख्य आरोपी के साथी तुषार आर्य को इंदौर से किया गिरफ्तार, पिस्टल जब्त
रिपोर्टर..... जितेन्द्र वर्मा
महू–इंदौर रोड स्थित वेटनरी कॉलेज गेट के सामने हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना किशनगंज पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश के दौरान तुषार उर्फ नन्ना आर्य को इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल भी जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार लालबाग, इंदौर निवासी निक्की यादव पिता राजेश एवं रजत यादव पिता नरेश का महू क्षेत्र के ग्राम कोदरिया निवासी अतुल यादव, आकाश यादव, अभिषेक यादव और दीपक आंजना से लड़की की बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को निपटाने के बहाने दिनांक 17 जनवरी 2026 को निक्की व रजत ने अपने साथी तुषार आर्य व सुजल सोलंकी के साथ मिलकर जान से मारने की साजिश रची।
योजना के तहत निक्की व रजत स्कूटी क्रमांक MP09 AU 2582 पर पिस्टल लेकर तथा तुषार व सुजल स्कूटी क्रमांक MP09 AV 3635 से वेटनरी कॉलेज गेट पहुंचे। रजत यादव ने फोन कर पीड़ितों को बुलाया और बातचीत के दौरान अश्लील गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर योजना के अनुसार तुषार आर्य ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। इसमें दीपक आंजना के जबड़े और पैर में गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर थाना किशनगंज में अपराध क्रमांक 46/2026 धारा 109(1), 296, 115(2), 351(3), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण इंदौर श्रीमती यांगचेन भुटिया डोलकर के निर्देशन, अति. पुलिस अधीक्षक श्री रुपेश कुमार द्विवेदी एवं एसडीओपी महू ग्रामीण श्री ललित कुमार सिकरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुलदीप खत्री के नेतृत्व में टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दिनांक 20/01/2026 को आरोपी तुषार उर्फ नन्ना पिता महेंद्र आर्य (19 वर्ष), निवासी अर्जुनपुरा मल्टी C-30, लालबाग, इंदौर को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी से घटना में प्रयुक्त पिस्टल जब्त कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
फरार आरोपी:निक्की यादव पिता राजेश यादव, निवासी लालबाग, इंदौर
रजत यादव पिता नरेश यादव, निवासी लालबाग, इंदौर
सुजल सोलंकी पिता महेश सोलंकी, निवासी लालबाग, इंदौर
इस कार्रवाई में थाना किशनगंज के निरीक्षक कुलदीप खत्री सहित उपनिरीक्षक व सउनि. तथा साइबर सेल महू की टीम का सराहनीय योगदान रहा।

