तुषार कपूर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से 5 करोड़ की धमकी, पुलिस जांच में फेक निकली कॉल
सलमान खान, रोहित शेट्टी, टाइगर श्रॉफ जैसे एक्टर्स और मेकर्स को निशाना बनाने के बाद अब तुषार कपूर के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है। उन्हें फोन करके धमकी दी गई है। तुषार कपूर को कथित तौर पर एक फोन आया, जिसमें फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य 'हैरी बॉक्सर' बताया और फिरौती के तौर पर 5 करोड़ रुपये की मांग की।
IANS के मुताबिक, एक्टर ने मुंबई पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच 'एंटी-एक्सटॉर्शन सेल' (वसूली-रोधी सेल) और 'क्राइम ब्रांच' को सौंप दी। क्राइम ब्रांच की तकनीकी टीम ने धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की और उस आवाज का मिलान अपने डेटाबेस में मौजूद 'हैरी बॉक्सर' के आधिकारिक ऑडियो सैंपल से किया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ये सैंपल आपस में मेल नहीं खाए, जिससे यह संदेह पैदा हुआ कि कॉल फर्जी थी और किसी ने डर पैदा करने के लिए इस गैंग के नाम का इस्तेमाल किया था। मुंबई पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि अब पुलिस उस व्यक्ति की तलाश कर रही है जिसने यह ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी थी।
इससे पहले, तुषार कपूर ने फिल्म निर्माता संजय गुप्ता के अचानक निधन पर शोक व्यक्त किया था। संजय गुप्ता ने तुषार की 2007 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'शूटआउट एट लोखंडवाला' को प्रोड्यूस किया था। तुषार ने उन्हें अपना चहेता निर्देशक बताया और कहा कि वे जिंदगी को पूरी तरह से जीने में विश्वास रखते थे। तुषार ने X पर लिखा कि यह दुखद खबर याद दिलाती है कि जिंदगी कितनी अनिश्चित हो सकती है।
साभार नवभारत टाइम्स

