मजदूरों से मारपीट और तोड़फोड़ मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी, कोतवाली पुलिस ने फैजाबाद (उत्तर प्रदेश) के मजदूरों के साथ घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और तोड़फोड़ करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 03 अगस्त 2026 को फरियादी अंकित कुमार (36 वर्ष), निवासी हुसैनगंज, थाना पटरंगा, जिला फैजाबाद उत्तर प्रदेश ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की और तोड़फोड़ की।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 590/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(6), 296(ए), 115(2), 324(2) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति और वही नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार ध्रुर्वे के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और गवाहों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने अभिषेक खटीक (22 वर्ष), निवासी दुबे नर्सरी के पास, शिवपुरी और संदीप शर्मा (23 वर्ष), निवासी आशीर्वाद हॉस्पिटल के पास, फतेहपुर रोड, शिवपुरी को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों को 05 अगस्त 2026 को गांधी पार्क मानस भवन के पास से पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
गिरफ्तारी में इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका:
निरीक्षक रोहित दुबे (थाना प्रभारी, थाना कोतवाली), उपनिरीक्षक अरविन्द छारी, उपनिरीक्षक आदित्य प्रताप सिंह राजावत, उपनिरीक्षक सुमित शर्मा, उपनिरीक्षक मुरारी यादव, उपनिरीक्षक विवेक भट्ट, आरक्षक 767 अजीत राजावत और आरक्षक 631 अजय यादव।

